टायर चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार….

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – हिर्री थाना क्षेत्र में टायर चोरी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। लगातार हो रही चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हिरासत में लिए गए आरोपी राजीव यादव और अरुण यादव हैं, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि दोनों आरोपी श्याम ट्रांसपोर्ट में ही चालक के रूप में काम कर रहे थे, और वहीं से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 8 नग टायर बरामद किए गए हैं। इन टायरों की बाजार कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है।
इस मामले में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर नितिन अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को धर-दबोचा।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।




