रायपुर

दुष्कर्म मामले में सनसनीखेज खुलासा, केस को दबाने के लिए दादा ने लिए 1.30 लाख रुपए

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता के दादा ने ही मामले को दबाने के लिए आरोपियों के परिजनों से 1 लाख 30 हजार रुपये लिए थे। इस मामले में दादा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

सिलयारी चौकी क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म प्रकरण की दोबारा जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। जांच में पता चला कि पीड़िता के दादा ने आरोपी ईश्वर घृतलहरे के परिजनों से नगद राशि लेकर मामले को दबाने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार इस लेन-देन का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पीड़िता के दादा ने शुरुआती बयान में अपनी नातिन के साथ किसी भी घटना से इनकार किया था। बाद में शासन से मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुनः जांच के लिए आवेदन दिया। जांच में दूसरे आरोपी को फोन कर धमकाने की बात भी सामने आई है।

 

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़िता के दादा के साथ सीताराम मेडिकल स्टोर संचालक चन्द्रशेखर यदु और टुकेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दादा के कब्जे से एक लाख रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button