रायगढ़

एसएसपी के नेतृत्व में नकली शराब के काले कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 240 लीटर नकली शराब जब्त

रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन आघात” ने नकली शराब के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई करते हुए 240 लीटर नकली शराब, सैकड़ों डुप्लीकेट पैकिंग सामग्री और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि दो आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।

Advertisement

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर में बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतरारोड़ पुलिस, साइबर सेल और आबकारी विभाग ने संयुक्त रणनीति बनाकर कार्रवाई की। पहले पुलिस के प्वाइंटर को शराब खरीदने भेजा गया, जहां खरीदी गई शराब के लेबल, होलोग्राम और गुणवत्ता संदिग्ध पाए गए। पुष्टि होते ही टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।

छापे के दौरान आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह फरार हो गए। तलाशी में गाय रखने वाले कोठे से 869 नग नकली शराब बरामद की गई। इनमें रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों के नकली लेबल और पैकिंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। जब्त शराब की मात्रा करीब 240 लीटर और अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

 

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि कोरोना काल से यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। गिरोह बाहर से शराब लाकर उसमें स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाता था, फिर पुरानी बोतलों में भरकर नकली होलोग्राम और डुप्लीकेट लेबल लगाकर बाजार में बेचता था। यह शराब कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ खपाई जाती थी, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क की पहचान कर हर सदस्य पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। “ऑपरेशन आघात” के तहत आगे भी ऐसी निर्णायक कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।

Related Articles

Back to top button