छत्तीसगढ़

तालाब, मंदिर और खेतों में छिपी थी लाखों की अवैध लकड़ी, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद के उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने साहेबिन कछार इलाके में छापेमारी कर लाखों रुपये की सागौन, साल और बीजा प्रजाति की लकड़ियां तथा तैयार फर्नीचर जब्त किए हैं। कार्रवाई में स्निफर डॉग की भी मदद ली गई।

Advertisement

उपनिदेशक वरुण जैन के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर साहेबिन कछार क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। जांच के दौरान पता चला कि कार्रवाई की भनक लगने पर तस्करों ने लकड़ियों और फर्नीचर को अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया था। कुछ सामग्री खेतों में, कुछ तालाब के आसपास और कुछ मंदिर परिसर के पास छिपाकर रखी गई थी।

Advertisement

तलाशी अभियान में शामिल स्निफर डॉग ने छिपाए गए ठिकानों का पता लगाने में अहम भूमिका निभाई। टीम ने करीब 4 से 5 घन मीटर अवैध लकड़ियां और रेडीमेड फर्नीचर बरामद किया। जब्त सामग्री में सागौन, साल और बीजा जैसी बहुमूल्य प्रजातियों की लकड़ियां शामिल हैं।

 

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 5 जून को हुई एक अन्य कार्रवाई में ढाई घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त की गई थी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। उसी आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई। फिलहाल जब्त सामग्री को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button