रिसोर्ट के पीछे चल रहा था जुआ फड़, पुलिस ने 15 जुआरियों को पकड़ा, 4.34 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

दुर्ग जिले में अवैध जुआ के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। पुलगांव थाना पुलिस ने मंकी रिजॉर्ट गोकुलधाम के पीछे संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 1 लाख 82 हजार रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिल, 19 मोबाइल फोन समेत कुल 4 लाख 34 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




