बिलासपुर : कोनी में अवैध प्लाटिंग का खेल बेखौफ़ जारी, सरकारी जमीन पर सड़क-नाली बनाकर बेचे जा रहे प्लॉट….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में अवैध प्लाटिंग का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोनी क्षेत्र का है, जहां खसरा नंबर 309/3 की जमीन पर नियमों को दरकिनार कर प्लाटिंग किए जाने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि करीब एक एकड़ भूमि को लगभग 51 हजार वर्गफुट में विकसित कर छोटे-छोटे प्लॉट काटे गए हैं। इतना ही नहीं, प्लाटिंग को आकर्षक बनाने के लिए करीब 18 डिसमिल शासकीय भूमि पर सड़क और नाली का निर्माण भी कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक खसरा नंबर 309/3 के आसपास बिना वैधानिक कॉलोनी अनुमति के जमीन को टुकड़ों में विभाजित कर बेचा जा रहा है। आरोप है कि सरकारी जमीन का उपयोग पहुंच मार्ग और नाली निर्माण के लिए किया गया, जिससे खरीदारों को विकसित कॉलोनी का आभास हो सके।
बताया जा रहा है कि इस प्लाटिंग में अब तक करीब 9 प्लॉटों की बिक्री भी हो चुकी है। जमीन खरीदने वाले लोगों को सड़क और अन्य सुविधाओं का हवाला देकर प्लॉट बेचे गए, जबकि पूरे प्रोजेक्ट की वैधानिक स्वीकृतियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि नगर निगम, राजस्व विभाग और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की नाक के नीचे यह पूरा खेल चलता रहा। अब स्थानीय लोगों ने मामले की जांच, शासकीय भूमि का सीमांकन और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की मांग की है।
एक ओर प्रशासन अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर कोनी में सरकारी जमीन पर सड़क-नाली बनाकर प्लॉट बेचने के आरोप कई सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।




