प्रताड़ना से परेशान ग्रामीण ने किया जहर का सेवन, हुई मौत, न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में जमीन विवाद से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। प्रताड़ना से परेशान होकर जहर सेवन करने वाले ग्रामीण कनक पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने फरहदा चौक पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि कनक पटेल को जमीन विवाद को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्हें बार-बार धमकियां दी जा रही थीं और घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक तनाव और दबाव के चलते कनक पटेल ने जहर सेवन कर लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान कनक पटेल की मौत होने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फरहदा चौक पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि मामले में पहले ही बलराम यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। आरोप है कि बलराम यादव ने कनक पटेल के घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी थी, गाली-गलौज की थी और घर खाली करने का दबाव बनाया था। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर कनक पटेल ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।
पुलिस का कहना है कि कनक पटेल की मौत के बाद अब मामले में सुसंगत और गंभीर धाराएं जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं चक्काजाम को समाप्त कराने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं। फिलहाल फरहदा गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीण न्याय और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




