जशपुर

ऑपरेशन आघात में बड़ी कार्रवाई, घर की बाड़ी से 40 गांजे के पौधे जब्त

जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लोदाम थाना क्षेत्र में आरोपी ने अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजे के पौधे जब्त किए हैं।

Advertisement

मामला जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिखिर टोली का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय सिंह नामक व्यक्ति अपने घर के आंगन के पास बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एफएसएल और गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।

Advertisement

छापेमारी के दौरान पुलिस को साड़ी और प्लास्टिक नेट से घेरकर छुपाए गए गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने मौके से छोटे-बड़े कुल 40 नग गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम बताया जा रहा है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 82 हजार रुपए आंकी गई है।

 

पूछताछ में आरोपी विजय सिंह ने गांजा उगाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।जशपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button