बिलासपुर पुलिस का MDMA पर प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने अवैध नशीले पदार्थ MDMA के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26.05 ग्राम MDMA और एक एस-क्रॉस कार जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख 95 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक कार में सवार दो युवक MDMA रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से MDMA बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रेश बलेचा और महेश वर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने नशीले पदार्थ को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें।




