90 किलो गांजा के साथ 8 महिलाएं गिरफ्तार…..

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना सरकंडा क्षेत्र की मोपका चौकी पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो इलेक्ट्रिक ऑटो में कुछ महिलाएं रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रही हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर दोनों ऑटो को रोका। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर रखा गया 86 पैकेट गांजा बरामद किया गया। सभी पैकेट खाकी टेप से लिपटे हुए थे। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 90 किलो बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग 46 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से दो इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी महिलाएं ग्राम मटियारी और थाना सीपत क्षेत्र की रहने वाली हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।




