प्रदेश में गर्मी के बीच राहत के संकेत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है, हालांकि इसमें चार दिनों का अंतर संभव है। वहीं पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
कल के लिए जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर में 19 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।




