रायपुर से बस्तर तक कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री सोमवार 18 मई को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर तक उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय कर दिया गया है। इस दौरान वे सुरक्षा, विकास और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।गृह मंत्री सुबह साढ़े दस बजे रायपुर के पीटीएस माना पहुंचेंगे, जहां वे डायल-112 सेवा की 400 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे माना एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे नेतानार बस्तर में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहीं दोपहर ढाई बजे बादल अकादमी में विभिन्न विषयों पर चर्चा और मुलाकात का कार्यक्रम तय है।
शाम चार बजे अमित शाह बस्तर के विकास कार्यों की प्रेजेंटेशन के जरिए समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और शाम सात बजे बस्तर के संग लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री का रात्रि विश्राम जगदलपुर में रहेगा।
दौरे के दूसरे दिन यानी 19 मई मंगलवार को सुबह 11 बजे अमित शाह मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक लेंगे। इस बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक के बाद दोपहर तीन बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
बस्तर में सुरक्षा, विकास और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से केंद्रीय गृहमंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक और बस्तर को लेकर होने वाली घोषणाओं पर टिकी हुई है।




