नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे SECL के पूर्व जीएम की सड़क हादसे में मौत

कोरबा। एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास नेशनल हाईवे-130 पर हुआ, जहां उनकी कार की एक पार्सल वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अरुण कुमार त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अरुण कुमार त्यागी हाल ही में निर्देशक तकनीकी (डीटी) पद पर पदोन्नत हुए थे। नई पदस्थापना जॉइन करने के लिए वे सिंगरौली जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से एसईसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।




