1.14 करोड़ का गांजा जब्त, सब्जी के खाली कैरेट के पीछे छिपाकर हो रही थी तस्करी

महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये कीमत का 226 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया है। तस्कर गांजा को सब्जी के खाली कैरेट के पीछे छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के मुताबिक अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि पिकअप क्रमांक एमएच-16-सीडी-8741 में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर गनियारीपाली गांव स्थित एनएच-53 पर सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की गई। संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर खाली कैरेटों के बीच बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार दो आरोपियों अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के अहमदनगर के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा से अहमदनगर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पिकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त कर सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




