बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जेवरात और नगदी ले उड़े चोर

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम की पॉश कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक घटना सोमवार दोपहर 12:30 बजे से रात 2 बजे के बीच की है। चोरों ने मकान के सामने का ताला तोड़कर घर में घुसकर अलमारी में रखे नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ अम्रपाली सोसायटी में भतीजी के विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। देर रात करीब 2 बजे घर लौटने पर सामने का दरवाजा खुला मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला। बताया जा रहा है कि मकान किराये का है और घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। आसपास के मकानों में भी कैमरे नहीं होने से जांच में पुलिस को शुरुआती कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नगद और 45 से 50 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं, जबकि परिजनों ने इससे अधिक नुकसान की आशंका जताई है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।




