नदी में गिरी कार….4 युवकों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

कवर्धा – पंडरिया के पांडातराई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों गंभीर घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे फोक नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।




