
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच हवाई यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। IndiGo एयरलाइंस ने 1 मई 2026 से इस रूट पर अपनी चौथी डेली फ्लाइट शुरू करने का फैसला किया है। लंबे समय से इस रूट पर बढ़ते यात्री दबाव और महंगे किराए के बीच यह नई सेवा बड़ी राहत लेकर आ रही है।
नई फ्लाइट 6E 6122 दोपहर के स्लॉट में संचालित होगी। मुंबई से यह फ्लाइट दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर 2:25 बजे रायपुर पहुंचेगी, वहीं रायपुर से दोपहर 2:55 बजे उड़ान भरकर शाम 4:35 बजे मुंबई पहुंचेगी। खास बात यह है कि रायपुर एयरपोर्ट पर इसका स्टॉपेज महज 30 मिनट का रहेगा। अब तक यात्रियों के पास केवल सुबह, शाम या रात के विकल्प ही थे, ऐसे में यह दोपहर की फ्लाइट काफी सुविधाजनक मानी जा रही है।
करीब ढाई साल पहले एयर इंडिया की सेवा बंद होने के बाद इस रूट पर चौथी फ्लाइट की मांग लगातार उठ रही थी। नई फ्लाइट से न सिर्फ सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि किराए में भी संतुलन आने की उम्मीद है। हालांकि, जयपुर जाने वाले यात्रियों को अभी और इंतजार करना होगा, क्योंकि रायपुर-हैदराबाद-जयपुर कनेक्टिंग फ्लाइट फिलहाल तकनीकी कारणों से बंद कर दी गई है।




