मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर ठगी, साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़
रायगढ़ पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर चल रहे बड़े साइबर ठगी रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में मास्टरमाइंड समेत पूरे गिरोह पर कार्रवाई की गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है, पुलिस जांच में सामने आया है कि लोक सेवा केंद्र की आड़ में “इंडिया मैट्रिमोनी” के नाम से फर्जी प्लेटफॉर्म संचालित किया जा रहा था। आरोपी यूट्यूब चैनल और फेक प्रोफाइल के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनसे रजिस्ट्रेशन और मीटिंग फीस के नाम पर यूपीआई के माध्यम से रकम वसूलते थे।

इस गिरोह में कई युवतियां भी शामिल थीं, जो फर्जी आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करती थीं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लैपटॉप, फर्जी दस्तावेज, सील-मुहर समेत कई अहम सामान जब्त किए हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैट्रिमोनियल या सोशल मीडिया प्रोफाइल से सतर्क रहें। उन्होंने साफ कहा है कि साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




