उर्वरक में गड़बड़ी पर सख्त एक्शन, 500 बोरी खाद जब्त, कई दुकानों को नोटिस

जांजगीर-चांपा। जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नवागढ़ क्षेत्र में 500 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट खाद जब्त की गई है।कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए मेसर्स राजेश ट्रेडर्स नवागढ़ में बिना पीओएस मशीन में इंद्राज के खाद भंडारण पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की और बिक्री पर रोक लगा दी।
इसके अलावा नवागढ़ के कई अन्य प्रतिष्ठानों—रेखा ट्रेडर्स, गिरिजा प्रसाद केशरवानी, रूपेश ट्रेडर्स और लाखन केशरवानी—में भी निरीक्षण किया गया, जहां अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।वहीं अकलतरा, पामगढ़, बलौदा और बम्हनीडीह विकासखंडों में भी जांच अभियान चलाया गया। कुछ सहकारी समितियों में स्टॉक और पीओएस रिकॉर्ड सही पाए गए, जबकि कई जगहों पर गड़बड़ी मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस थमाया गया।
कृषि विभाग के अनुसार 6 अप्रैल को 13 और 7 अप्रैल को 10 उर्वरक दुकानों पर कार्रवाई की गई है। यानी अब तक कुल 23 प्रतिष्ठानों पर जांच और कार्रवाई हो चुकी है।विभाग ने साफ किया है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




