अवैध अफीम खेती पर पुलिस का एक्शन, फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में 60 हजार से ज्यादा अफीम पौधों की जब्ती के मामले में पुलिस लगातार आरोपियों तक पहुंच रही है। इस कार्रवाई को ऑपरेशन आघात के तहत अंजाम दिया जा रहा है।
रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे आरोपी सिप्रियन भेंगरा को झारखंड के खूंटी जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है, इससे पहले इस मामले में मुख्य आरोपी मार्शल संगा और उसके साथी एमानुएल भेंगरा को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी मिलकर आमाघाट इलाके में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 60,326 अफीम पौधे और करीब 3 किलो तैयार अफीम जब्त की थी, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है।फरार आरोपियों की तलाश में रायगढ़ पुलिस ने ओडिशा और झारखंड तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान पहले एमानुएल को जंगल से पकड़ा गया और अब सिप्रियन भेंगरा को उसके घर से दबोचा गया है।
पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है।




