जेल से फरार ईनामी आरोपी आगरा में गिरफ्तार, ACCU और यूपी STF की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां केंद्रीय जेल रायपुर से फरार हुए ईनामी आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा का निवासी है, लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी को NDPS एक्ट के एक मामले में विशेष न्यायालय द्वारा 25 जुलाई 2024 को 15 साल की सजा और 3 लाख रुपए जुर्माने से दंडित किया गया था। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में उसे 6 साल की अतिरिक्त सजा भी भुगतनी थी।
जेल में अच्छे आचरण के आधार पर आरोपी को काम के लिए बाहर भेजा गया था, लेकिन इसी दौरान वह केंद्रीय जेल रायपुर से फरार हो गया। फरारी के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आखिरकार रायपुर की गंज पुलिस, ACCU टीम और उत्तर प्रदेश STF की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को आगरा में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी को रायपुर लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




