757 किलो से ज्यादा गांजा समेत हजारों नशीली दवाइयों का किया गया नष्टीकरण

बिलासपुर में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया है। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 757 किलो से ज्यादा गांजा सहित हजारों नशीली दवाओं को भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले में दर्ज 67 प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को सूची के अनुसार नष्ट किया गया।नष्टीकरण के दौरान 757.603 किलोग्राम गांजा के साथ 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12 हजार 164 नशीली टेबलेट और कैप्सूल, 8 हजार 818 इंजेक्शन एंपुल और 6 हजार 468 नशीले सिरप को नष्ट किया गया।
ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की मौजूदगी में यह पूरी प्रक्रिया 11 मार्च को मोहतरा स्थित सुना बॉन्गो पावर प्राइवेट लिमिटेड के भट्टी फर्नेस में पूरी की गई। इस दौरान पुलिस, आबकारी और पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है और आगे भी इस तरह के अभियान चलाए जाते रहेंगे।




