छत्तीसगढ़बलरामपुर

बलरामपुर में अफीम की अवैध खेती का बड़ा भंडाफोड़, फसल जब्त, 7 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम की खेती के बड़े मामले का खुलासा किया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में करीब 3.67 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करोड़ों रुपये की अफीम जब्त की गई है।

Advertisement

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी घोसराडांड़ में कुछ लोग खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस, प्रशासन और फॉरेस्ट विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रूपदेव भगत और कौसिल भगत के खेत में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होती मिली, जहां कई लोग उसकी रखवाली करते पाए गए।

Advertisement

टीम ने मौके से अफीम के पौधों को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल समेत उखाड़कर जब्त किया। साथ ही दो डिब्बों में भरा अफीम का लासा और कई बोरियों में रखे सूखे फल भी बरामद किए गए। जब्त किए गए अफीम का कुल वजन करीब 4344 किलो से अधिक पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

मामले में पुलिस ने रूपदेव राम भगत, कौसिल भगत, मनोज कुमार, जिरमल मुंडा, उपेंद्र कुमार, विन्देष्वर और कृष्णा सिंह सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

जिले में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यदि कहीं भी अफीम या अन्य मादक पदार्थों की खेती पाई जाती है तो जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस मामले की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और इसमें शामिल वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। साथ ही जिले के सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान जारी है।

 

Related Articles

Back to top button