बिलासपुर
एगियो पेपर मिल पर अवैध पेड़ कटाई का आरोप, ढेंका गांव में हरियाली पर गहराया संकट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर। जिले के मस्तूरी क्षेत्र के ढेंका गांव में अवैध पेड़ कटाई का मामला सामने आया है। एगियो पेपर एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड पर बिना अनुमति बड़ी संख्या में पेड़ काटने और लकड़ी की अवैध ढुलाई के आरोप लगे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई दिनों से दिन में पेड़ काटे जा रहे हैं और रात में ट्रक व ट्रैक्टर से लकड़ी की निकासी की जा रही है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायतें और वीडियो सबूत वन विभाग को सौंपे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि पेपर मिल के प्रभाव के चलते विभागीय अधिकारी चुप हैं। लगातार पेड़ों की कटाई से क्षेत्र की हरियाली खतरे में पड़ गई है।
अब सवाल उठ रहा है कि वन विभाग कब कार्रवाई करेगा, और क्या बिलासपुर प्रशासन इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाने के लिए कदम उठाएगा।




