ऑपरेशन अंकुश में पुलिस की कार्रवाई, फरार क्रिकेट सट्टा खाईवाल गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे सट्टा खाईवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब एक महीने से फरार आरोपी गगन अग्रवाल को दबोच लिया है।जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर थाना पुलिस ने हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास छापेमारी कर आरोपी गगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
दरअसल 16 फरवरी को चक्रधरनगर पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने गगन अग्रवाल का नाम सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाते थे। इस मामले में थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।




