गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर कार्रवाई

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच खाद्य विभाग की टीम ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सूचना के आधार पर श्री महामाया एजेंसी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से स्टोर कर ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी की जा रही थी।
दरअसल खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि श्री महामाया एजेंसी द्वारा नियमों के विपरीत बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही विभाग की टीम ने घेराबंदी कर हॉस्टल और व्यावसायिक दुकानों में दबिश दी, जहां बड़ी संख्या में सिलेंडर छिपाकर रखे गए थे।जांच के दौरान टीम ने 75 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए। इनमें 70 खाली घरेलू सिलेंडर और 2 भरे हुए घरेलू सिलेंडर यानी कुल 72 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 3 खाली कमर्शियल सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं।
गैस संकट के इस दौर में जब आम लोगों को सिलेंडर के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है, ऐसे में अवैध भंडारण का यह मामला सामने आने के बाद विभाग ने एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं खाद्य विभाग ने कहा है कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी है।




