दुर्ग में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, 8 करोड़ के पौधे जप्त, 3 गिरफ्तार

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में उगाई गई अफीम की फसल जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में मक्का की फसल के बीच अफीम के पौधे उगाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एफएसएल, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।जांच के दौरान खेत में बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे पाए गए, जिन्हें जब्त कर न्यायालय के समक्ष सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस मामले में पुलिस ने विनायक ताम्रकार, विकास बिश्नोई और मनीष ठाकुर को आरोपी बनाया है। पुलिस के मुताबिक अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



