छत्तीसगढ़रायपुर

धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, सर्जरी के बाद लौट रहे दंपती समेत 3 की मौत

राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। विधानसभा थाना क्षेत्र में धान से लदा ट्रक अचानक एक कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दंपती बाइपास सर्जरी के बाद अस्पताल से घर लौट रहे थे, मृतकों की पहचान 66 वर्षीय राजकुमार शर्मा और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा, निवासी बलौदाबाजार के रूप में हुई है। वहीं कैब ड्राइवर का नाम प्रवीण बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, राजकुमार शर्मा 10 फरवरी से रायपुर के एमएमआई अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी।

Advertisement

रविवार शाम अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बड़े बेटे मनोज शर्मा ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी। दंपती तिल्दा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही कार पुरानी विधानसभा के पास नरदहा पहुंची, तभी धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया. ट्रक और उसमें भरी धान की बोरियां सीधे कार पर गिर गईं। हादसे में कैब ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी कार में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर ही उनकी भी मौत हो गई।

Advertisement

डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदे कुटकी की ओर जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।सर्जरी के बाद नई जिंदगी की उम्मीद लेकर घर लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत से परिवार और इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button