GATE परीक्षा में नकल कराने की साजिश नाकाम, ‘मुन्ना भाई’ गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सूचना के आधार पर थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आयन डिजिटल जोन, सरोना के पास गोपनीय निगरानी कर कार्रवाई की, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ छह लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार शामिल हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस उपलब्ध कराते थे। परीक्षा के दौरान अंदर बैठे परीक्षार्थी प्रश्न पढ़ते थे, जिन्हें बाहर मौजूद साथी गूगल सर्च कर उत्तर तैयार कर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से वापस पहुंचाते थे। इसके बदले आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम ली जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 अन्य ब्लूटूथ उपकरण, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और नकल से संबंधित सामग्री बरामद की है। थाना डीडी नगर में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।




