इंटरनेशनल साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 3 कॉल सेंटर से 42 गिरफ्तार….

रायपुर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी करने वाले बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई में 3 अवैध कॉल सेंटरों से कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामला थाना गंज और न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र का है, जहां पिथालिया कॉम्प्लेक्स और अंजनी टॉवर में अवैध कॉल सेंटर संचालित किए जा रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर मौके से 67 मोबाइल, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख 53 हजार रुपए बताई जा रही है।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिका के लोगों को कॉल कर लोन और सिबिल सुधार का झांसा देते थे। इसके बाद उनके बैंक खातों में छोटी रकम डालकर गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे वापस मंगवाते थे और ठगी की रकम को हवाला के जरिए मास्टरमाइंड तक पहुंचाते थे।फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस गिरोह के अन्य कनेक्शन की भी तलाश की जा रही है।




