बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का भव्य रेल सेवा पुरस्कार समारोह, उत्कृष्ट कर्मियों को मिला सम्मान

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) बिलासपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं रेल सेवा पुरस्कार–2025 मुख्यालय समारोह का भव्य आयोजन बिलासपुर के सेक्रसा क्रिकेट ग्राउंड में किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश एवं सेक्रो अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद भारतीय रेलवे की गौरवशाली यात्रा पर आधारित लघु फिल्म और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले 10 अधिकारियों और 63 कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा एवं रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही 19 मेजर शील्ड, 37 माइनर शील्ड, 60 विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और 13 रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।
हर मापदंड पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बिलासपुर रेल मंडल को प्रतिष्ठित ओवरऑल एफिशिएंसी सतपुड़ा शील्ड से नवाजा गया। समारोह ने रेलकर्मियों की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा भावना को सम्मानित करते हुए संगठन की गौरवशाली परंपरा को और सुदृढ़ किया।




