इंग्लैंड की कंपनी के नाम पर 30 लाख की ठगी, रायपुर में क्रिप्टो निवेश के झांसे में फंसा युवक

राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक ठगों ने खुद को इंग्लैंड की एक नामी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर महेश साहू से ऑनलाइन संपर्क किया। आरोपियों ने कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता गया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में बड़ी रकम निवेश कराने का दबाव बनाया गया। झांसे में आकर महेश साहू ने करीब 30 लाख रुपये बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर टालमटोल शुरू कर दी और बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने खमतराई थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है और बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।




