बिलासपुर

अब जनता देगी थानों को रेटिंग, आईजी रामगोपाल गर्ग ने लॉन्च किया “अनुभव” फीडबैक सिस्टम

थानों में पुलिस के व्यवहार से लेकर सुविधाओं तक का होगा हिसाब; QR कोड स्कैन कर सीधे IG को बता सकेंगे अपना 'अनुभव'

(आशीष मौर्य संपादक/भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी व संवेदनशील बनाने के लिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में “अनुभव” नामक फीडबैक प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया।

Advertisement

QR कोड से दर्ज होगा फीडबैक​ : “अनुभव” कार्यक्रम के तहत एक विशेष QR कोड आधारित प्रणाली तैयार की गई है। यह QR कोड बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के थानों और चौकियों में चस्पा किए जाएंगे। यदि कोई नागरिक थाने में अपनी शिकायत लेकर आता है, तो वह वहां के वातावरण, पुलिस कर्मियों के व्यवहार और सुविधाओं को लेकर अपना फीडबैक QR कोड स्कैन करके दे सकेगा। यह फीडबैक सीधे रेंज कार्यालय को प्राप्त होगा, जिसकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।

Advertisement

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शुभारंभ : इस गरिमामय कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। रेंज के अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस शुभारंभ कार्यक्रम का हिस्सा बने।

 

सुधार के लिए उठाया कदम : आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि इस प्रणाली का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली में सुधार करना है। पूर्व में मिले कुछ सुझावों के आधार पर थानों में आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, अनावश्यक पूछताछ पर रोक और स्टाफ के व्यवहार को संवेदनशील बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। अब “अनुभव” के जरिए मिलने वाली रेटिंग और सुझावों के आधार पर थानों की रैंकिंग और भविष्य की रणनीतियां तय की जाएंगी।

 

पारदर्शिता और जवाबदेही : पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस डिजिटल फीडबैक सिस्टम से पुलिस कर्मियों की जवाबदेही बढ़ेगी। नागरिकों को अब अपनी छोटी-मोटी शिकायतों या सुविधाओं की कमी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि उनकी राय सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचेगी।

 

श्रद्धांजलि अर्पित कर किया नमन : देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सम्मान में बिलासपुर पुलिस लाइन में एक भव्य ‘शहीद स्मारक’ का निर्माण किया गया है। आज पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, रामगोपाल गर्ग ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ इस नवनिर्मित स्मारक का लोकार्पण किया।​

लोकार्पण समारोह के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस के शस्त्र दल ने भी सलामी दी। आईजी ने अपने संबोधन में कहा कि यह स्मारक हमारे उन जांबाज साथियों की याद दिलाता रहेगा जिन्होंने कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। यह स्थान न केवल पुलिस बल के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

Related Articles

Back to top button