हत्या :-‘नंबर ब्लॉक’ करने से भड़की प्रेमिका, शिक्षक कॉलोनी में प्रेमी के सीने में उतारा चाकू

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। शुभम विहार (शिक्षक कॉलोनी) में रहने वाले एक युवक की उसकी ही प्रेमिका ने चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या की मुख्य वजह मोबाइल नंबर ब्लॉक करना और किसी दूसरी लड़की से संबंध होने का शक बताया जा रहा है।
किराए के मकान में हुई हत्या : मृतक की पहचान कांता प्रसाद सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो मूलतः रतनपुर के ग्राम कर्रा का निवासी था। कांता प्रसाद बिलासपुर के उसलापुर स्थित ‘हरि चटनी’ में काम करता था और वर्तमान में शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहता था। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे उसकी प्रेमिका रौशनी सूर्यवंशी (निवासी झालमला, हाल मुकाम कुदूदंड) उसके कमरे पर पहुंची थी।
विवाद और घातक प्रहार : पुलिस के अनुसार, रौशनी को संदेह था कि कांता प्रसाद का किसी अन्य लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कमरे के भीतर काफी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि रौशनी ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से कांता प्रसाद के सीने पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद युवक ने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर का नजारा देखकर आसपास के लोग भी सहम गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी प्रेमिका रौशनी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।




