बिलासपुर

रुपये दोगुना करने के झांसे से उपजा विवाद बना लूट की वजह, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर हाइवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की वारदात का रतनपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए मशरूका 01 स्विफ्ट डिजायर कार, 03 मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नगद की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 02 कार और 04 मोबाइल फोन भी आरोपियों के कब्जे से जप्त किए गए हैं।

Advertisement

पुलिस के अनुसार 1 फरवरी 2026 की रात करीब 3:35 बजे प्रार्थी विजय कुमार राज अपने तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से मेला देखकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुर के पहले नेशनल हाईवे पर पेशाब के लिए वाहन रोकने पर दो कारों में सवार चार युवकों ने मारपीट कर कार, मोबाइल फोन और नगदी लूट ली। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जिला कोरिया और अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया।

Advertisement

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी द्वारा तंत्र-मंत्र के जरिए रुपये दोगुना करने के लालच में उनसे 2.5 लाख रुपये की ठगी की गई थी, जिसे वापस न मिलने पर उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि झाड़-फूंक या तंत्र विद्या के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button