दुर्ग

घरेलू कामकाज करने वाली महिला ने उड़ाए लाखों के गहने, पुलिस ने किया गिरफ्तार.

दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में घर में हुई बड़ी चोरी का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घरेलू कामकाज करने वाली एक महिला को गिरफ्तार करते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं।

Advertisement

मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने स्थित मकान का है। यहां निवासी राहुल जैन ने घर से कीमती सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट थाना पद्मनाभपुर में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही महिला कविता देशलहरे को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पूर्व में प्रार्थी के घर घरेलू कामकाज करती थी और इसी विश्वास का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरे जड़ी सोने की चैन, मंगलसूत्र, नेकलेस, झुमके, चांदी का करधन, पायल और बिछिया समेत अन्य आभूषण बरामद कर विधिवत जप्त किए हैं।

 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है, वहीं मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार लहरें और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू कामकाज के लिए नियुक्त कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

Related Articles

Back to top button