मकान में लाखों रुपये की हुक्का व प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एण्टी क्राइम और साइबर यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र से पुलिस ने अवैध रूप से हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह क्षेत्र के राजीव नगर इलाके में एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का भंडारण कर रखा है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम अशोक मदनी बताया। तलाशी लेने पर उसके मकान से बड़ी मात्रा में हुक्का पॉट, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी हुक्का और प्रतिबंधित सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना खम्हारडीह में कोटपा एक्ट की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




