रायगढ़

चाकू दिखाकर छात्रा का अपहरण और छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ – जिले में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अपहरण और छेड़छाड़ के गंभीर मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाकिब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी पूरी बगीचा चांदमारी रायगढ़ को हिरासत में लिया है।

Advertisement

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित स्कूली छात्रा ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार आरोपी बीते दो वर्षों से उसे परेशान कर रहा था। 26 जनवरी को आरोपी ने चाकू दिखाकर जबरन ईको कार में बैठाया और पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले जाकर गलत नीयत से छेड़छाड़ की। बाद में उसे छोड़कर जान से मारने की धमकी दी गई।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और ईको कार भी जब्त की गई है। आरोपी के विरुद्ध महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसएसपी रायगढ़ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बालिकाओं से छेड़छाड़, छींटाकशी या किसी भी प्रकार का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button