धारदार हथियार से युवक की निर्मम हत्या, गांव में दहशत का माहौल

(मनीष नामदेव) : मुंगेली – पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी में देर रात एक व्यक्ति की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह घर के भीतर खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। शनिवार सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने घर के अंदर शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान आजुराम राजपूत के रूप में हुई है।सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी सहित हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।




