पुलिस ने सुलझाई अंधेकत्ल की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 20 दिन पुराने एक अंधेकत्ल का सफल खुलासा किया है। ह्यूमन इंटेलिजेंस और लगातार सर्विलांस के जरिए सकरी पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी पहले से ही जेल में बंद है।
दरअसल, 7 दिसंबर 2025 को प्रहलाद साहनी नामक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से हिर्री माइंस इंद्रपुरी से बिलासपुर के लिए निकले थे। अगले दिन 8 दिसंबर को उनका शव सकरी शराब भट्ठी के पास मिला। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं। परिजनों ने आवाज की पहचान मृतक के रूप में की, जो जांच में अहम सुराग साबित हुआ।
लगभग 20 दिनों की जांच, स्थानीय सूत्रों और सर्विलांस के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि घटना की रात मृतक शराब के नशे में गाली-गलौच कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले तीन युवकों से उसका विवाद हो गया और मारपीट में उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम और प्रियांशु वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा पहले से ही जेल में बंद है।सकरी पुलिस की इस कार्रवाई को अंधेकत्ल के सफल खुलासे के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस की अहम भूमिका रही।




