छात्र की मौत : गैर इरादतन हत्या में कलिंगा यूनिवर्सिटी के 3 विदेशी छात्र गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नवा रायपुर में कलिंगा यूनिवर्सिटी के एक विदेशी छात्र की मौत के मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रकरण में यूनिवर्सिटी के तीन विदेशी छात्रों को गिरफ्तार किया है।दरअसल, 22 दिसंबर 2025 को मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के नवा रायपुर सेक्टर-16 स्थित एक बिल्डिंग से गिरकर विदेशी छात्र सैमपुर जुदे की मौत हो गई थी। इस मामले में पहले मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सैमपुर जुदे बिल्डिंग के पास अपने एक साथी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान तीन अन्य विदेशी छात्र वहां पहुंचे और एक महिला साथी को लेकर विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर मारपीट की कोशिश की गई, जिससे डरकर सैमपुर जुदे जान बचाने के लिए बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की ओर भागा। तीनों आरोपी भी उसके पीछे-पीछे छत तक पहुंच गए।
मारपीट के भय से सैमपुर जुदे छत से नीचे कूद गया, जहां कंक्रीट रोड पर गिरने से उसके सिर, मुंह और हाथ में गंभीर चोटें आईं। साथियों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों — नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन — को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में धारा 105 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।




