स्टेशन पर DRM का औचक निरीक्षण, गंदगी और अव्यवस्था पर भड़के, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर मंडल के नवनियुक्त डीआरएम राकेश रंजन ने पदभार संभालते ही सिस्टम को आईना दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को डीआरएम बिना किसी पूर्व सूचना के पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पहुंचे…जहां स्टेशन की बदहाल व्यवस्था देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा।शौचालय की गंदगी हो या जलभराव से भरी नालियां डीआरएम ने मौके पर ही अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के नवनियुक्त डीआरएम राकेश रंजन का यह निरीक्षण पूरी तरह औचक था। बिना किसी पूर्व सूचना के स्टेशन पहुंचते ही रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर स्थित शौचालय की गंदगी देखकर डीआरएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने स्टेशन मास्टर को मौके पर बुलाते हुए तीखे सवाल किए क्या मैं इस शौचालय का इस्तेमाल कर सकता हूं? क्या आपकी पत्नी या बेटी इसे इस्तेमाल कर सकती हैं? डीआरएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगर शौचालय उपयोग लायक नहीं है तो उस पर साफ लिखा जाए कि यह बंद है, और यदि चालू रखना है तो तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए। यात्रियों की सुविधाओं में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे बढ़ते हुए डीआरएम की नजर स्टेशन परिसर में गंदे पानी से भरी नालियों पर पड़ी। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों से सवाल किया क्या आपके घर में भी ऐसा ही पानी बहता है?आप यहीं रहते हैं या कहीं और? जल निकासी व्यवस्था को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी की शिकायत की। करीब दो वर्षों से अधूरा पड़ा काम यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है। इस पर डीआरएम राकेश रंजन ने कहा कि वे स्वयं कार्य की प्रगति देखने आए हैं और देरी के कारणों की समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। डीआरएम ने साफ कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी टिकट काउंटरों का संचालन अनिवार्य किया जाए। वहीं, फुट ओवर ब्रिज निर्माण में देरी पर डीआरएम ने बताया कि वर्क सेक्शन स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही काम शुरू कराने के निर्देश दिए जाएंगे।




