गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाहीछत्तीसगढ़

गौरेला में पंचायत चुनाव के दौरान बवाल, पुलिस ने किया हालात काबू

Advertisement

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के दौरान जिले के गौरेला जनपद के गिरवर गांव स्थित मतदान केंद्र में जमकर बवाल हुआ। मतगणना के दौरान गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने हंगामा कर दिया और मतगणना स्थल में घुसने का प्रयास किया।

Advertisement

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा गया और मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कराई गई।

गिरवर गांव स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 47, 48 और 49 पर मतगणना के दौरान गड़बड़ी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी श्याम मणि बृजलाल राठौर के समर्थकों ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया।

जिसके कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। वहीं, प्रत्याशी सरोज संतोष तिवारी के समर्थकों पर मतगणना स्थल में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने का आरोप भी लगाया गया।

स्थिति को काबू में लाने के लिए जिले की पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचीं और भारी पुलिस बल की तैनाती करवाई।

पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और यातायात को सामान्य कराया। मतदान केंद्र क्रमांक 48 पर मतगणना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने बताया कि “गिरवर गांव संवेदनशील क्षेत्र है, जहां कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया और शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराई।”

Related Articles

Back to top button