बिलासपुर

बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन्यप्राणी सुरक्षा पर उठे सवाल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेल मंडल से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां ट्रेन की टक्कर से एक तेंदुए की मौत हो गई। यह हादसा उस इलाके में हुआ है, जो घने जंगल और वन्यप्राणियों के विचरण के लिए जाना जाता है। घटना के बाद मालगाड़ी करीब एक घंटे तक मौके पर खड़ी रही। पूरा मामला क्या है, देखिए हमारी ये रिपोर्ट।

Advertisement

बिलासपुर रेल मंडल के बिलासपुर–कटनी रेल सेक्शन में शुक्रवार सुबह एक तेंदुए की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। यह घटना अनूपपुर और जैतहरी रेलवे स्टेशन के बीच बेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, भनवारटंक स्टेशन के बाद अनूपपुर और जैतहरी तक का इलाका घने जंगल से घिरा हुआ है, जहां बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यप्राणी अक्सर विचरण करते हैं। कई बार ये जानवर भटकते हुए रेलवे ट्रैक पर आ जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो जाते हैं।बताया जा रहा है कि मालगाड़ी के सामने अचानक तेंदुआ आ गया, जिससे चालक को ब्रेक लगाने का मौका नहीं मिल सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मालगाड़ी के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

Advertisement

हादसे के बाद चालक ने ट्रेन को नियंत्रित किया, जिसके चलते मालगाड़ी करीब 30 से 45 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। रेलवे ट्रैक पर तेंदुए का शव देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। विभाग की ओर से बांधवगढ़ से विशेषज्ञ टीम को तेंदुए के पोस्टमार्टम के लिए बुलाया गया है, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि इस इलाके में बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण वन्यप्राणी अक्सर ट्रैक पर पहुंच जाते हैं, जिससे ट्रेन परिचालन में भी परेशानी होती है। घने जंगलों से गुजरने वाले रेल मार्गों पर वन्यप्राणियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल वन विभाग और रेलवे की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Related Articles

Back to top button