22 नक्सलियों ने DGP के समक्ष डाले हथियार….

ओडिशा से नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी की खबर है। मलकानगिरी जिले में कुल 22 नक्सलियों ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में अधिकांश नक्सली केरलापाल एरिया कमेटी से जुड़े हुए थे।
सरेंडर करने वालों में दोरनापाल एलओएस से जुड़े कई कमांडर भी शामिल हैं, जिन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष हथियार भी जमा कराए, जिनमें एक AK-47, दो INSAS राइफल, एक SLR समेत कुल 9 हथियार शामिल हैं।
बताया गया है कि सरेंडर करने वाले 22 नक्सलियों में से 19 नक्सली केरलापाल, जगरगुंडा एरिया कमेटी और प्लाटून नंबर 26 से संबंधित हैं, जबकि 3 नक्सली आंध्र-ओडिशा बॉर्डर स्पेशल ज़ोनल कमेटी से जुड़े रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह सरेंडर सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार चल रहे दबाव का नतीजा है। अधिकारियों ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताया है और उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे और नक्सली मुख्यधारा में लौटेंगे।




