क्लब में दो गुटों में जमकर मारपीट, 4 गिरफ्तार….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – नए साल के जश्न में अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन उससे पहले ही बिलासपुर शहर में हालात चिंता बढ़ाने वाले नजर आ रहे हैं। बार और पबों में बढ़ती शराबखोरी, मारपीट और हंगामे की घटनाएं यह साफ संकेत दे रही हैं कि अगर अभी सख्ती नहीं हुई तो नया साल जश्न नहीं, बल्कि अपराध की शुरुआत बन सकता है।
रविवार देर रात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित इल्यूम बार में हुआ विवाद आगामी नए साल के जश्न के लिए एक खतरे की घंटी है। डांस फ्लोर पर मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई।यह पूरी घटना कैमरे में कैद हुई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जब अभी हालात ऐसे हैं,तो 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात शहर की कानून-व्यवस्था कैसे संभाली जाएगी? देर रात तक खुले रहने वाले बार और पब, नशे में धुत युवक और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों की कमी कहीं किसी बड़ी अनहोनी को न्योता तो नहीं दे रही?
हालांकि सिरगिट्टी पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। लेकिन यह कार्रवाई क्या नए साल के जश्न में होने वाली संभावित घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त है?
नया साल खुशियों का संदेश लेकर आता है, लेकिन अगर प्रशासन और आबकारी विभाग ने बार–पबों पर समय रहते सख्ती नहीं की, तो जश्न के नाम पर शहर की सड़कों और क्लबों में अराजकता देखने को मिल सकती है। अब निगाहें प्रशासन पर हैं क्या नए साल से पहलेशहर को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाएंगे या फिर हर साल की तरह घटना के बाद कार्रवाई होती रहेगी?




