चलती गाड़ी में लगी आग, चार लोगों ने कूदकर बचाई जान.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर के खमतराई ओवर ब्रिज पर आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चलती स्कॉर्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। चंद मिनटों में पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें सवार चारों लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
रायपुर के खमतराई ओवर ब्रिज जहां स्कॉर्पियो वाहन अचानक धुएं और आग की लपटों में घिर गया। बताया जा रहा है कि आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोकी और कार में सवार सभी चार लोग बाहर कूद गए। इसके बाद आग ने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार सभी लोग बेमेतरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक विष्णु साहू अपनी एक रिश्तेदार को रायपुर के DKS अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद वापस लौट रहे थे।
वापसी के दौरान जैसे ही गाड़ी खमतराई ओवर ब्रिज पर पहुंची, तभी यह हादसा हो गया। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंचने से पहले ही स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। ओवर ब्रिज पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, वहीं पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। यह पूरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




