रायपुर

ढाबा के बाहर हुई चाकूबाजी, युवक की हत्या, इलाके में दहशत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र जहां किंग ढाबा में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। खरोरा स्थित किंग ढाबा में देर रात पार्टी करने पहुंचे युवकों के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार तीन अज्ञात लुटेरों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मृतक की पहचान शिव कुमार के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, कुल 11 युवक ढाबे में पार्टी करने पहुंचे थे। सभी युवक, मृतक शिव कुमार समेत, सिलतरा स्थित आबकारी वेयरहाउस में काम करते थे और कोदवा सासा पलारी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के समय शिव कुमार और उसके दो अन्य साथी ढाबे के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछने लगे।

Advertisement

बताया जा रहा है कि रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार एक युवक ने शिव कुमार का मोबाइल लूटने की कोशिश की। शिव कुमार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। खरोरा थाना क्षेत्र का यह मामला इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रहा है।

Related Articles

Back to top button