सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाला आरोपी गिरफ्तार….

जांजगीर-चाम्पा – महिलाओं और नाबालिग बच्चों के खिलाफ साइबर अपराधों पर सख्ती दिखाते हुए थाना पामगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील वीडियो प्रसारित करने का गंभीर आरोप है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो से प्राप्त शिकायत के आधार पर जांजगीर साइबर सेल और थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी संदीप सैनी, उम्र 30 वर्ष, निवासी थाना भवन वार्ड क्रमांक 07, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने सोशल मीडिया के जरिए अश्लील वीडियो अपलोड कर प्रसारित किए थे।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67(बी) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखता है और बाल अश्लीलता से जुड़े मामलों की सूचना सीधे जिला साइबर सेल को दी जाती है, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।
जांजगीर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर महिला और बच्चों से संबंधित किसी भी तरह की अश्लील फोटो या वीडियो साझा न करें। किसी भी मैसेज या वीडियो को फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि सरोज पाटले, साइबर सेल से प्र.आर. विवेक सिंह, आरक्षक विश्वजीत आदिले सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की अहम भूमिका रही।




