हसदेव नदी में डूबे 3 छात्र, 2 का शव बरामद तीसरे की तलाश जारी…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में नहाने गए तीन छात्रों की खोज के दौरान बड़ा अपडेट सामने आया है। गोताखोरों की टीम ने दो छात्रों नेल्सन लकड़ा और युवराज के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि सबसे छोटा छात्र रुद्र राज अभी भी लापता है। उसे खोजने के लिए SDRF, पुलिस और नगर सैनिकों की टीम लगातार अभियान चला रही है। सुबह 6 बजे से शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए प्रशासन ने कुदरी बैराज के गेट बंद कर दिए, जिससे नदी का प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों दोस्त—रुद्र राज (11, कक्षा 5), युवराज (14, कक्षा 8) और नेल्सन लकड़ा (15, कक्षा 9)—बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने पहुंचे थे। जब वे शाम तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान त्रिदेव घाट के पास बच्चों की साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद SDRF, पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची।
बीती रात अंधेरा होने पर रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था, लेकिन आज सुबह फिर से खोज शुरू की गई। इसी दौरान गोताखोरों ने पहले नेल्सन लकड़ा का शव और कुछ देर बाद युवराज का शव नदी से बरामद कर लिया।
SDM पवन कोसमा ने बताया कि संभावना है कि तीनों बच्चे नहाने के लिए नदी में उतरे थे और तेज बहाव की वजह से हादसा हुआ। एनिकट पर पानी का बहाव कम करवाया गया है, ताकि रुद्र की तलाश में मदद मिल सके।घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में हैं और रुद्र को खोजने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।




